अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के शिवबाबा बैरियर पर मंगलवार देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से गाजीपुर निवासी बदमाश वाहिद घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वाहिद बिल्लू इंदौरिया गैंग का सदस्य था और सुपारी किलिंग के लिए कुख्यात था। उसका साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भाग गया। बदमाशों की फायरिंग में अकबरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह और स्वाट टीम के मुख्य आरक्षी सोनू यादव घायल हो गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह और सर्विलांस प्रभारी विनोद यादव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, 17 और 18 नवंबर की मध्यरात्रि शिवबाबा बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अहिरौली की तरफ से पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो पीछे बैठे बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इसमें प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से शिवबाबा मैदान की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग जारी रखी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वाहिद घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरा बदमाश मौके से भाग निकला। पुलिस ने मौके से तीन .32 बोर की पिस्टल, एक नौ एमएम कार्बाइन, सात .315 बोर के तमंचे, छह खोखा कारतूस और 24 जीवित कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी मिली है। मामले में अकबरपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 651/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। छह जिलों में दर्ज थे 35 मुकदमे मृतक वाहिद पुत्र अबु बकर गाजीपुर जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र का निवासी था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ आजमगढ़, गाजीपुर, सुल्तानपुर, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और चंदौली में कुल 35 मुकदमे दर्ज थे। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं। वर्ष 2014 से 2023 तक उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे। एसपी समेत 12 पुलिसकर्मी थे टीम में शामिल मुठभेड़ के दौरान पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के साथ 12 पुलिसकर्मी शामिल थे। इनमें पीआरओ निरीक्षक जितेंद्र सिंह, अकबरपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक आदर्श कुमार सिंह, रामप्रताप वर्मा और विनोद यादव समेत स्वाट और सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे। बदमाशों की फायरिंग में प्रभारी निरीक्षक और मुख्य आरक्षी सोनू यादव को गोली लगी, जबकि एसपी और सर्विलांस प्रभारी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।