अंबेडकरनगर। जवाहर नवोदय विद्यालय अफजलपुर में बुधवार को अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में विद्यार्थियों को खेल में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने कहा कि खेल को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखें, इसे करियर के रूप में भी अपनाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लखनऊ, गोरखपुर और सैफई में खेल महाविद्यालय हैं। चयनित विद्यार्थियों को आवास, भोजन और प्रशिक्षण की सुविधाएं निशुल्क मिलती हैं। सुरेश रैना, आरपी सिंह और मोहम्मद कैफ का उदाहरण देते हुए उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया। प्रदेश के 18 मंडलों में विभिन्न खेलों के छात्रावास संचालित हैं जहां कक्षा नौ से प्रवेश लेकर प्रशिक्षण लिया जा सकता है। डीएसओ ने बताया कि बीपीएड और एमपीएड के जरिए शारीरिक शिक्षा में करियर बनाया जा सकता है। क्रीड़ा विभाग और साई केंद्रों में प्रशिक्षक बनने के अवसर भी हैं। छात्राओं ने खेल संसाधनों की कमी बताई। इस पर उन्होंने एकलव्य स्टेडियम में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने और नियमित अभ्यास की सलाह दी। इस दौरान उपप्रधानाचार्य एनके आर्या, शिक्षक यादव राजकुमार, तनुजा मोहराना, लाइब्रेरियन एके शर्मा, एकलव्य स्टेडियम के क्रिकेट प्रशिक्षक मृत्युंजय सिंह, नवोदय विद्यालय के खेल प्रशिक्षक सुरेश कुमार और खेल प्रशिक्षिका सीता व अन्य उपस्थित रहे।