प्रदेश सरकार के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल के कारनामों को जनता भूली नहीं है और इसका जवाब 2027 के चुनाव में देगी। केवल बयानबाजी से सरकार नहीं बनती। अंबेडकरनगर में एक सीट उपचुनाव में जा चुकी है और 2027 में जिले की शेष चारों सीटों पर भी सपा हार जाएगी। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि गोरखपुर मंडल में सपा 29 सीटें हारेगी, जबकि वाराणसी में 28 में से केवल चार सीटों पर ही सपा की जीत होगी। उन्होंने कहा कि खाली बातें करने से सरकार नहीं बनती। एटा, इटावा, कन्नौज और मैनपुरी के लोग आज भी कहते हैं कि सपा सरकार में रात में लोगों की भैंसें खोल ले जाई जाती थीं और शाम छह बजे के बाद लूट की घटनाओं का डर रहता था। उन्होंने दावा किया कि एक ब्राह्मण परिवार तक अपनी संपत्ति बेचने को मजबूर हो गया था।