अंबेडकरनगर के नगर पालिका परिषद जलालपुर में मंगलवार को आयोजित अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में नागरिकों और सभासदों ने शहर की बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जलभराव, जल निकासी, सफाई, टूटी सड़कें, खराब स्ट्रीट लाइट, जर्जर नालियां और लटकते बिजली के तारों की समस्या बताते हुए लोगों ने इनके स्थायी समाधान की मांग की। वार्ड 13 के आनंद जायसवाल ने सामुदायिक शौचालय और रामलीला मैदान के मुख्य गेट पर गंदगी की समस्या उठाई। वार्ड 25 के पूर्व सभासद देवेश मिश्रा ने कहा कि सफाई पर लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद उसका असर धरातल पर नहीं दिख रहा है। कृष्ण गोपाल गुप्ता ने तमसा नदी किनारे कूड़ा फेंके जाने से प्रदूषण की समस्या उठाई। वार्ड 17 की सभासद शीतल सोनी ने टूटी नालियों की पटियों और गंदगी से होने वाली दुर्गंध की शिकायत की। मनोनीत सभासद गौरव उपाध्याय ने कहा कि वार्ड में सफाई कर्मी कई-कई दिनों तक नहीं आते। सभासद रामवृक्ष भार्गव ने वार्ड 19 में नालियों की सफाई नहीं होने और बरसात में कचरा घरों तक पहुंचने की समस्या बताई। वार्ड 20 के सभासद बेचन पांडेय ने करीब पांच बीघे के तालाब की सफाई और उसमें हो रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। वार्ड तीन के दुर्गेश गुप्ता ने नियमित कूड़ा उठान नहीं होने, जबकि दुर्गेश अग्रहरि ने यादव चौराहे पर सार्वजनिक शौचालय की मांग की। विक्की विश्वकर्मा ने आवास के नाम पर कर्मचारी द्वारा पांच हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया। जितेंद्र शिल्पी ने वाजिदपुर अंत्येष्टि स्थल का अधूरा काम और मार्ग निर्माण का मुद्दा उठाया। नगर अध्यक्ष संदीप अग्रहरि ने विशेष अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की जरूरत बताई और नगर पालिका अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कार्यक्रम में डेविड गोरे, सुरेश गुप्ता, सोनू गौड़, अमित गुप्ता, आशाराम मौर्य, मनोज पांडेय, अजीत निषाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधान लिपिक रामप्रकाश पांडेय ने नागरिकों की समस्याएं नोट कीं। ईओ अरविंद कुमार ने बताया कि सभी समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया है। कई वार्डों में विकास के प्रस्ताव बनाकर मंजूरी के लिए भेजे गए हैं। सफाई, जलनिकासी की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए विशेष टीमें बनाकर काम कराया जाएगा।