आगरा। नई पीढ़ी को कहानी लेखन से जोड़ने के लिए तीन दिवसीय कार्यशाला ग्रांड होटल में 7 सितंबर से शुरू होगी। रंगलीला, कथादेश और शीरोज हैंगआउट के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन किया जा रहा है। वरिष्ठ संस्कृतिकर्मी अनिल शुक्ल ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ 7 सितंबर को शाम चार बजे वरिष्ठ कथाकार जितेंद्र भाटिया करेंगे। इसमें महेश कटारे, विभांशु दिव्याल, सत्यनारायण, योगेंद्र आहूजा और शक्ति प्रकाश जैसे नामचीन कहानीकार प्रशिक्षण देंगे। कहानी के आलोचनात्मक पक्ष पर जयप्रकाश और प्रियम अंकित प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य आगरा में कहानी कहने की परंपरा को पुनर्जीवित करना है। यह परंपरा आगरा में जन्मे हिंदी-उर्दू के बड़े कहानीकारों से जुड़ी है। कथाकार अरुण डंग ने कहा कि युवाओं के पास अपने अनुभवों की कहानियां हैं, जिन्हें रचनात्मक रूप देना आवश्यक है।