आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के खेडा भोपूर में पारिवारिक विवाद को लेकर महिला से मारपीट करने और घर से बाहर निकालने की धमकी देने के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता निक्की पत्नी सुनील, निवासी खेडा भोपूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मायके ग्राम सिरसौदा, रूपवास, भरतपुर में रह रही थी। वह शुक्रवार को अपने भाई टिक्कू और मामा हुकम सिंह के साथ अपनी ससुराल पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसके पति सुनील, ससुर सोरन सिंह और सास मोतिनी ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे से मारपीट की। आरोपियों ने उसे घर से बाहर जाने के लिए धमकाया। इसके बाद उसने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने पति , ससुर और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। उक्त मामले में एसीपी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि महिला की तहरीर पर प्राथमिक की दर्ज की गई है और इसमें विधिक कार्यवाही की जाएगी।