आगरा के अछनेरा विद्युत उपकेंद्र के पास शनिवार दोपहर दो बाइकें सामने से आ रहे रिक्शा से टकरा गईं। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग और रिक्शा में सवार एक युवक घायल हो गया। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसा दोपहर तीन बजे करीब हुआ। पुलिस के अनुसार, जनूथा गांव निवासी धर्मवीर (40) पुत्र धारा सिंह, गोविंद सिंह (55) पुत्र हरिनारायण सिंह, नेहा (38) पुत्री हरिनारायण सिंह, माही (4) पुत्री धर्मवीर, दिवंश (3) पुत्र गोविंद जनूथा से दो बाइकों पर सवार होकर अछनेरा जा रहे थे। अछनेरा विद्युत उपकेंद्र के पास सामने से आ रहे रिक्शा से दोनों बाइकें टकरा गईं। बाइकों पर सवार पांचों लोगों के अलावा रिक्शा में सवार रायभा निवासी मनोज (30) पुत्र पप्पू सिंह भी घायल हो गया। धर्मवीर के पैर में फ्रैक्चर हो गया। नेहा के सिर में चोट आयी है। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अछनेरा लेकर पहुंची। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन घायलों को आगरा के निजी अस्पताल ले गए।