आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपने पर्चे दाखिल किए। वहीं कई अन्य दावेदारों ने पर्चे खरीदकर चुनावी मैदान में उतरने के संकेत दिए हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी और निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद वसीम ने नामांकन पत्र दाखिल किया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी रूमा कुमारी ने अपना पर्चा जमा किया। शिक्षक सीट के लिए भारतीय मजदूर जनता पार्टी से सर्वेश कुमार ने नामांकन पत्र खरीदा। सबसे ज्यादा गहमागहमी स्नातक सीट पर दिखी। आठ अलग-अलग दावेदारों ने पर्चे खरीदे। इनमें निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दयालबाग आगरा निवासी पंकज पाठक, फिरोजाबाद निवासी मानवेंद्र प्रताप सिंह, मैनपुरी निवासी अनुराग यादव, सिकंदरा निवासी अनुज यादव, अलीगढ़ निवासी डॉ. अहमद जैदी, आगरा के नाई की मंडी निवासी देवेंद्रर सिंह धाकड़, आगरा निवासी अनुराग श्रीवास्तव, अलीगढ़ निवासी रणवीर सिंह के अलावा भारतीय मजदूर जनता पार्टी के बैनर तले नगला अर्जुन निवासी राम बहोरी ने भी स्नातक सीट के लिए नामांकन पत्र खरीदा है।