आगरा के फतेहपुर सीकरी कस्बे के शिवपुरी स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपा कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि सभा आयोजित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। साथ ही उनके विचारों और सिद्धांतों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक जीवन और समाजवादी विचारधारा के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों के हितों को प्रमुखता दी। उनके संघर्ष, जनसेवा और समाजवादी विचारधारा से प्रेरणा लेकर कार्यकर्ताओं को समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य करना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को अपनाने और समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व जिला महासचिव सुरेंद्र चौधरी, नगर अध्यक्ष रमजान उस्मानी, रहीस पाल चाहर, देवेंद्र शर्मा, डॉ. एस एस खान, साबिर कुरैशी, आरिफ अल्वी, शकीरा अब्बासी, राजवीर सिंह, अफसर कुरैशी, डॉ. सुनील कुमार, सोहेल कुरैशी और सद्दाम कुरैशी सहित अन्य सपा कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।