त्योहार की छुट्टियां खत्म होते ही काम पर लौटने की मजबूरी यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई। दिल्ली-एनसीआर जाने वाली बसों के इंतजार में आईएसबीटी से लेकर हाईवे तक यात्री घंटों खड़े रहे। बस रुकते ही सीट पाने के लिए धक्कामुक्की और सामान लेकर चढ़ने की आपाधापी मच गई। अतिरिक्त बसों के संचालन और फेरे बढ़ाने के दावों के बावजूद यात्रियों को राहत नहीं मिली। बृहस्पतिवार को भैया दूज के दूसरे दिन सुबह 11 से शाम चार बजे तक आईएसबीटी पर दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा जाने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ रही। बस अड्डे के अंदर और बाहर हाईवे पर यात्री बसों का इंतजार करते रहे। दोपहर तीन बजे हाईवे किनारे बस रुकते ही यात्री सामान लेकर उसकी खिड़कियों की ओर दौड़ पड़े। कोई बैग हाथ में लिए था तो कोई सामान सिर और कंधे पर रखे था। सीट पाने की जल्दबाजी में सामान नीचे गिरा और यात्रियों के बीच धक्कामुक्की होने लगी। स्थानीय रूटों पर मैनपुरी, एटा, इटावा, कासगंज, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, बदायूं और बरेली जाने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। आईएसबीटी प्रबंधक चंद्रहंस सिंह ने बताया कि मथुरा और दिल्ली की ओर यात्रियों की संख्या अधिक होने पर अतिरिक्त बसें लगाई गईं और फेरे बढ़ाए गए। बसें लगातार भरकर जा रही हैं। हाईवे पर जाम के कारण भीड़ बढ़ी। शाम तक यात्रियों की संख्या कम हो गई। सेटेलाइट बस अड्डा प्रभारी रमेश तिवारी ने बताया कि अलीगढ़ और हाथरस जाने वाले यात्रियों की संख्या सामान्य रही और किसी को परेशानी नहीं हुई।