आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर एक बेकाबू लोडर ने सड़क किनारे खड़े दो वाहनों को टक्कर मार दी और उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते ले गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार के अंदर कोई नहीं था। मौके पर मौजूद भीड़ ने चालक को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना दोपहर करीब दो बजे की है। टाइल्स से भरा एक लोडर 100 फुटा रोड से टेढ़ी बगिया की ओर जा रहा था, तभी वह सीएनजी पंप के पीछे जाने वाले रास्ते की ओर मुड़ा। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी कालिंदी विहार निवासी ऋषि परिहार की कार व नवीन यादव की बाइक को चपेट में ले लिया। पकड़ा गया चालक राजस्थान का रहने वाला शाहबुद्दीन है। नशे में होने की आशंका पर उसे मेडिकल के लिए भेजा गया।