आगरा के धनौली के दवा बरामदगी मामले में पकड़े गए आरोपी के मोबाइल ने कई राज खोले हैं। इसमें यमुना किनारे दवाओं को जलाकर नष्ट करने के वीडियो-फोटो मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि ये दवाएं टेढ़ी बगिया स्थित गोदाम से निकाल कर जलाई गई हैं। मोबाइल में कुछ डाटा डिलीट भी कर दिया गया है। इसकी रिकवरी करने के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। बीते मंगलवार को धनौली में अवैध गोदाम में देश-विदेश की नामी कंपनियों की करीब पांच करोड़ रुपये की दवाएं बरामद की गई थीं। मौके पर इसरार और सलुआ उर्फ मुकीम को पकड़ा गया। मोबाइल जब्त किया गया। जांच करने पर इसमें कई वीडियो और फोटो मिले हैं, जिसमें यमुना के किनारे दवाओं को जलाते हुए दिखाया जा रहा है। एक वीडियो में यमुना किनारे दवाओं पर डीजल डाला जा रहा है और दूसरे वीडियो में आग लगता हुआ है। ये वीडियो 27 सितंबर की रात के हैं। ये दवाएं टेढ़ी बगिया स्थित गोदाम की होने की आशंका है। यहां जांच करने पर गोदाम मालिक ने पवन कुमार को किराए पर देने की बात बताई। 27 को ही गोदाम से दवाएं खाली कर चाबी वापस कर दी गई है। ऐसे में ये दवाएं टेढ़ी बगिया से लाकर यमुना किनारे जलाकर नष्ट की गई हैं। मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में पता चल सकेगा कि कौन फोटो, वीडियो और चैट को डिलीट किया गया है। जिन फोन नंबर पर ये जानकारी साझा की गई है, उनकी भी जांच की जाएगी।