आगरा के बाह में चित्राहाट के पुरा बीरवल गांव के लोगों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। वन विभाग ने शनिवार को ड्रोन से वन्यजीव की तलाश कराई। तेंदुए के पदचिह्न तक नहीं मिले हैं। ग्रामीण दो दिन में भैंस और सांड़ पर तेंदुए के हमले की बात कह रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों को बीहड़ में न जाने की हिदायत दी है। पुरा बीरवल गांव में तेंदुए ने शनिवार को श्रीकृष्ण की भैंस पर हमला कर दिया, जबकि एक दिन पहले सांड़ पर हमला किया था। ग्रामीण वन्यजीव को तेंदुआ बताकर वन विभाग से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। शनिवार को जैतपुर के रेंजर राजवीर सिंह सेंगर के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पुरा बीरवल गांव से लेकर बीहड़ तक ड्रोन से वन्यजीव की तलाश कराई। करीब 6 घंटे की तलाश के दौरान ड्रोन कैमरे में बीहड़ में चरती हुई बकरियां तो दिखी, लेकिन किसी वन्यजीव का विचरण कैद नहीं हुआ। रास्ते से लेकर गांव तक ड्रोन कैमरे से वन्यजीव की तलाश की गई। इस दौरान तेंदुए के पदचिह्न भी नहीं मिले हैं। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को अपने मवेशी और खुद बीहड़ में जाने से बचने के लिए जागरूक किया।