आगरा के पिनाहट कस्बा स्थित मोहल्ला नयापुरा में जमीन के विवाद में शनिवार को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट हुई। दोनों ओर से एक-दूसरे पर पथराव किया गया। दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। नयापुरा निवासी वीरेंद्र (50) और उनके पुत्र कृष्णा (22) का दूसरे पक्ष के प्रदीप और अंकित पुत्र राकेश से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पथराव और लाठी-डंडे चलने से चारों लोग घायल हो गए। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।