आगरा। नगला प्यारेलाल, ताजगंज निवासी सराफ सुनील कुमार ने थाना ट्रांस यमुना पुलिस पर बरामद गहने बदलने का आरोप लगाया है। सोमवार को वो पुलिस आयुक्त से मिले और उनसे जेवरात बरामदगी की मांग की। प्रार्थनापत्र में उन्होंने कहा है कि पुलिस ने बरामदगी के समय फोटो से जेवरात का मिलान किया। उन्हें बताया कि पूरा माल बरामद हो गया है। आरोपियों पर भी कार्रवाई की। थाने में उन्हें जो जेवरात दिखाए, वो उनके नहीं थे। पुलिस ने जेवरात बदल दिए। सोना पुलिस ने गायब कर दिया। तांबे के जेवरात सील किए। मुख्य आरोपी ने जेल से रिहा होने के बाद यही बताया था कि उसके घर से पुलिस ने असली जेवरात बरामद किए। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि मामले की जांच एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद से कराई जा रही है। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। मामले में विवेचक और थाना प्रभारी को भी बुलाया जाएगा।