60 वर्ष से अधिक की उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू हो गई है। पहले दिन बड़ी संख्या में निशुल्क यात्रा के दाैरान बुजुर्ग महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि सफर फ्री हुआ, लेकिन बस के लिए थोड़ा परेशान होना पड़ा। हालांकि निशुल्क सफर के लिए आवश्यक है कि महिलाएं जरूरी दस्तावेज साथ रखें। इस संबंध में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि महिला यात्री को यात्रा के समय आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा, जिस पर बस नंबर, यात्रा के प्रारंभ और गंतव्य स्थान का विवरण दर्ज रहेगा। योजना के तहत वास्तविक नि:शुल्क यात्रा और प्रतिपूर्ति की धनराशि का आंकलन रोडवेज करेगा। सत्यापित विवरण उत्तर प्रदेश शासन को उपलब्ध कराया जाएगा। इसके आधार पर प्रतिपूर्ति राशि शासन से रोडवेज को दी जाएगी। लाभार्थियों को योजना से संबंधित स्मार्ट कार्ड आवश्यकता के अनुसार अलग से जारी किए जाएंगे।