पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के पुरा जवाहर गांव में पांच दिन पूर्व कार की टक्कर से हुई महेश वर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। मृतक के भतीजे मोहित सिंह ने तहरीर में बताया कि 22 सितंबर की सुबह महेश वर्मा और डोनी शौच के लिए जा रहे थे। मोदीराम इंटर कॉलेज के पास तेज रफ्तार औरा कार ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में महेश वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि डोनी को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने कार को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। अंतिम संस्कार में व्यस्त होने के कारण तहरीर देने में देरी हुई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।