आगरा। आरटीओ कार्यालय में वाहन और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ा काम कराने पहुंचने वालों को अब शुल्क जमा करने के लिए नकदी रखने की जरूरत नहीं होगी। संभागीय परिवहन कार्यालय में विभागीय सेवाओं के लिए देय शुल्क का भुगतान अब केवल ऑनलाइन डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। विशेष और असाधारण परिस्थितियों को छोड़कर नकद भुगतान की सुविधा तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है। परिवहन आयुक्त के सोमवार को जारी निर्देशों के बाद संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय ने यह व्यवस्था लागू कर दी गई है। वाहन और सारथी से संबंधित सभी सेवाओं का शुल्क अब ऑनलाइन ही स्वीकार होगा। इस बारे में एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार ने बताया कि आवेदक नेट बैंकिंग, यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर सकेंगे। कार्यालय परिसर में किसी भी तरह का नकद लेन-देन प्रतिबंधित रहेगा। 18 प्रमुख मदों सहित सभी विभागीय सेवाओं का शुल्क डिजिटल माध्यम से ही जमा होगा। आरटीओ कार्यालय ने आमजन से नई व्यवस्था के अनुसार शुल्क जमा करने की अपील की है।