आगरा के बाह क्षेत्र के झाऊलालपुरा गांव के घर में कोबरा तथा बटेश्वर की दुकान में सांप निकलने के मामले सामने आए हैं। झाऊलालपुरा गांव में शुक्रवार रात 8.20 बजे उस समय अफरातफरी मच गई, जब जितेंद्र बघेल के घर में फन फैला कर बैठा कोबरा दिखा। कोबरा के डसने की दहशत में आए परिजन घर से बाहर निकल आए। घर में कोबरा होने की सूचना वन विभाग को दी। बाह के रेंजर अमित कुमार ने बताया कि रात में ही वनरक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम मौके पर भेजी थी। टीम ने करीब एक घंटे में कोबरा को रेस्क्यू किया। उसके बाद बीहड़ के प्राकृतिक रहवास में सुरक्षित छोड़ दिया। कोबरा के पकड़े जाने के बाद ही परिजन घर में घुसने की हिम्मत जुटा सके। इससे पहले बटेश्वर में शिवकांत गुप्ता की दुकान में सांप घुसने से अफरा तफरी मच गई थी। वन रक्षक धर्मेन्द्र कुमार, अरविंद कुमार ने सांप को रेस्क्यू कर बीहड़ में छोड़ा।