आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र 100 फीट मार्ग में सीएम ग्रिड के काम के दौरान खोदे गए गड्ढे में बुधवार शाम एक कार गिर गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई और उसके शीशे टूट गए। गनीमत रही कि सवार को चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा बुधवार की शाम करीब सात बजे हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से कार को बाहर निकलवाया। कार चालक बंटू निवासी 100 फुटा रोड, गली नंबर पांच, टेढ़ी बगिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह वृंदावन से लौटकर घर जा रहा था। इसी दौरान कार गड्ढे में गिर गई। एसीपी छत्ता श्वेता वर्मा ने बताया कि गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। मौके पर सीएम ग्रिड का काम कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों को गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग करने और संकेतक लगाने की हिदायत दी गई है।