आगरा-हाथरस हाईवे पर थाना क्षेत्र के पोइया गांव में बुधवार देर रात कैंटर की टक्कर से हुए सड़क हादसे में घायल तीसरे युवक मोनू (31) की भी बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में पहले ही श्याम सुंदर और शिवम की मौत हो चुकी थी। एक ही बाइक पर सवार तीनों युवकों की मौत से परिवारों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन लेकर भाग निकला था। पुलिस आरोपी कैंटर चालक और वाहन की तलाश में जुटी है। मृतक शिवम के भाई अरुण ने बताया कि श्याम सुंदर और मोनू उनके रिश्तेदार थे। तीनों घरों में पीओपी पुट्टी लगाने का ठेका लेते थे। पिछले करीब आठ दिनों से हाथरस में काम चल रहा था। हादसे के दिन बुधवार को काम खत्म होने के बाद तीनों बाइक से आगरा के ताजगंज स्थित अपने घर लौट रहे थे। अरुण ने बताया कि श्याम सुंदर, शिवम और उनका परिवार करीब 15 साल से आगरा के ताजगंज क्षेत्र में रह रहे थे। रिश्तेदार होने के साथ मिलकर पीओपी का काम करते थे। काम के सिलसिले में वे आसपास के जिलों में आते-जाते रहते थे। बुधवार को भी काम खत्म कर घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए।