आगरा के बटेश्वर के पशु मेला में बृहस्पतिवार की रात घोड़ी की मौत ने व्यापारी एवं किसानों की नींद उड़ा दी है। लापरवाही का आलम ये है कि पशु मेला क्षेत्र में शुक्रवार को खुले में घोड़ी का शव पड़ा रहा। घोड़ा-घोड़ी में निमोनिया एवं एलर्जी के संक्रमण ने पशु पालकों की चिंता बढ़ा दी है। बृहस्पतिवार की रात 12 बजे के करीब किरावली के पशु पालक कलुआ की घोड़ी की मौत हो गई। शव मेला क्षेत्र में ही एकांत में डाल दिया। 12 घंटे बाद शुक्रवार की दोपहर 12 बजे तक शव खुले में पड़ा रहा। इंदौर के व्यापारी सचिन प्रजापति एवं अलीगढ़ के व्यापारी अनुज ने बताया कि घोड़ा-घोड़ी के इलाज का कोई इंतजाम नहीं है। शव तक निस्तारित नहीं किया गया है। बदइंतजामी की वजह से व्यापारी किसान मेला में बीमार पशुओं के इलाज को लेकर परेशान हैं। पशु पालन विभाग की टीम शुक्रवार को मेला क्षेत्र में पहुंची। बीमार पशुओं के बारे में पूछताछ कर उपचार की व्यवस्था की गई। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया मेला क्षेत्र में निमोनिया एवं एलर्जी के संक्रमण की चपेट में पशु आए हैं। शुक्रवार को 4 घोड़ों का इलाज किया है। दवाइओं की कोई कमी नहीं है।