फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैंक हड़ताल के बीच SBI का बड़ा एलान, ATM से होने वाले लेनदेन पर नहीं लगेगा कोई शुल्क

Sat, 26 Sep 2026 03:33 AM IST
Adarsh Jha अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

देशभर में प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के बीच ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI ने ऐलान किया है कि 28 से 30 सितंबर 2026 के दौरान एटीएम से होने वाले लेनदेन पर कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी हड़ताल के दौरान अगर ग्राहक किसी भी बैंक के एटीएम से पैसे निकालते हैं, तो SBI की ओर से लागू होने वाला संबंधित ATM ट्रांजैक्शन चार्ज माफ रहेगा।

दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को सप्ताहांत की छुट्टियां हैं। ऐसे में सामान्य स्थिति में बैंक शाखाओं से जुड़ी सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ सकता था। इसी संभावित परेशानी को देखते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से कई व्यवस्थाएं की गई हैं। 

SBI ने ग्राहकों को राहत देते हुए कहा है कि 28 से 30 सितंबर के बीच देश में किसी भी बैंक के एटीएम से किए गए लेनदेन पर ATM शुल्क नहीं लिया जाएगा। बैंक ने ग्राहकों को जरूरी शाखा संबंधी काम पहले निपटाने और जरूरत पड़ने पर डिजिटल तथा सेल्फ-सर्विस चैनलों का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी है। 

इसके अलावा SBI की ओर से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है। UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी सेवाएं ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बनी रहेंगी। हालांकि, शाखा में जाकर होने वाले काम हड़ताल के दौरान प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए जिन ग्राहकों को चेक, दस्तावेज, नकद जमा या दूसरे शाखा-आधारित काम कराने हैं, उन्हें पहले से इसकी योजना बनाने की सलाह दी गई है। 

अब बात सरकार की तैयारी की। बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर न पड़े, इसके लिए 27 सितंबर यानी रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को सामान्य रूप से खोलने का फैसला किया गया है। वित्त मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी है। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की अनुमति दी है। 

सरकार और बैंक प्रबंधन ने बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील भी की है। सरकार का कहना है कि ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतें प्रभावित न हों, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। वित्त मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने और एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध रखने की दिशा में भी तैयारी करने को कहा है।

हड़ताल का मुख्य मुद्दा बैंक कर्मचारियों की मांगों से जुड़ा है। UFBU की ओर से पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन का आह्वान किया गया है। प्रस्तावित हड़ताल का असर खासतौर पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की शाखा-आधारित सेवाओं पर पड़ सकता है। 

यानी ग्राहकों के लिए फिलहाल सबसे जरूरी बात यह है कि अगर कोई महत्वपूर्ण बैंकिंग काम शाखा जाकर कराना है, तो 27 सितंबर का दिन एक अहम मौका होगा। वहीं 28 से 30 सितंबर के बीच नकदी की जरूरत पड़ने पर SBI ग्राहकों के लिए किसी भी बैंक के ATM से लेनदेन पर शुल्क माफी की व्यवस्था की गई है। डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। हालांकि, किसी विशेष सेवा की उपलब्धता के लिए संबंधित बैंक की ताजा सूचना देखना जरूरी होगा। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें