सुन्नी क्षेत्र में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलाधार बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। कुछ ही देर में सड़कों और गलियों में पानी भर गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। बारिश के दौरान गिरे ओलों ने लोगों को ठंड का अहसास करा दिया। वहीं नालियों की सफाई व्यवस्था कमजोर होने के कारण पानी निकासी में दिक्कत आई और कई स्थानों पर नालियां जाम हो गईं। इससे पानी सड़कों पर बहने लगा और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के समय ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन समय रहते नालियों की सफाई नहीं की जाती। उन्होंने प्रशासन से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से राहत मिल सके।