यूजीसी कानून वापस लेने की मांग को लेकर शिमला पहुंचे स्वर्ण समाज के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोग गेट पर चढ़ गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। स्वर्ण समाज की यह यात्रा यूजीसी कानून को वापस लेने की मांग को लेकर निकाली गई है। देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर के नेतृत्व में शिमला पहुंची इस यात्रा में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना भी शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की ओर से पारित यूजीसी कानून के प्रावधानों पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इस कानून से स्वर्ण समाज के बच्चों के साथ अन्याय हुआ है। इसी को लेकर वे केंद्र सरकार से कानून वापस लेने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे थे। बाद में कुछ प्रदर्शनकारी सचिवालय के गेट पर चढ़ गए, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक यूजीसी कानून वापस लेने की मांग पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अपनी आवाज उठाते रहेंगे।