फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉन्ग वीकेंड पर शिमला पहुंचा वाहनों का सैलाब, तीन दिन में 70 हजार वाहन पहुंचे

अक्तूबर की शुरुआत में मिले लॉन्ग वीकेंड का असर राजधानी शिमला में साफ दिखाई दिया। छुट्टियों का आनंद लेने के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों की रानी शिमला पहुंचे। आलम यह रहा कि महज तीन दिनों में ही शोघी बैरियर से करीब 70 हजार वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई। इनमें करीब 60 फीसदी वाहन बाहरी राज्यों के रहे। वाहनों की इतनी बड़ी संख्या ने शिमला में पर्यटकों की भारी आमद की तस्वीर साफ कर दी। सामान्य दिनों की तुलना में लॉन्ग वीकेंड के दौरान शिमला आने वाले वाहनों की संख्या दोगुने से भी अधिक रही। आंकड़ों के अनुसार शनिवार को शोघी बैरियर से शिमला की ओर सबसे अधिक वाहनों की आवाजाही हुई। इस दिन करीब 25 हजार वाहन शिमला पहुंचे। तीन दिनों में करीब 70 हजार वाहनों के शहर में आने से प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। कई जगह वाहनों की रफ्तार धीमी रही तो कुछ मार्गों पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। पर्यटकों की बढ़ी संख्या का असर शिमला के कई प्रमुख मार्गों पर दिखाई दिया। शोघी से तारादेवी, बालूगंज, विक्ट्री टनल, लिफ्ट और संजौली समेत कई क्षेत्रों में वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। कई स्थानों पर वाहन कतार में चलते नजर आए। शहर में चल रहे सड़क मरम्मत और तारिंग कार्य ने भी यातायात दबाव को और बढ़ाया। लॉन्ग वीकेंड पर पर्यटकों की भारी आमद से शिमला के पर्यटन कारोबार को भी फायदा हुआ। होटल, रेस्तरां, टैक्सी और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारियों को अच्छी संख्या में पर्यटक मिले। अक्तूबर में पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ कारोबारियों को आने वाले दिनों में भी शिमला में पर्यटकों की अच्छी आमद की उम्मीद है। पर्यटन सीजन आगे बढ़ने के साथ शिमला में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात व्यवस्था पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनी रह सकती है। खासकर शहर में चल रहे सड़क मरम्मत और तारिंग कार्य के बीच वाहनों की बढ़ती संख्या को व्यवस्थित करना पुलिस के लिए महत्वपूर्ण होगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिमला मेहर पंवर ने कहा कि शहर में चल रहे तारिंग कार्य के कारण भी यातायात का दबाव अधिक रहा। पुलिस की प्राथमिकता यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैयार है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें