फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रणथंभौर: त्रिनेत्र गणेश मेले का आगाज, 5 से 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

Sat, 12 Sep 2026 06:29 PM IST
सवाई ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर

सवाई माधोपुर में जन-जन के आराध्य देव रणथंभौर के त्रिनेत्र गणेश का तीन दिवसीय लक्खी मेले का आज से विधिवत रूप से आगाज हो गया है। रणथंभौर में हाल ही में हुई बारिश से क्षतिग्रस्त हुए त्रिनेत्र गणेश मार्ग को वन प्रशासन द्वारा दिन-रात कड़ी मेहनत के बाद त्रिनेत्र गणेश दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए तैयार किया गया और बारिश की चेतावनी और रणथंभौर में टाइगर मूवमेंट के बीच श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए प्रशासन एवं मंदिर ट्रस्ट द्वारा आज से मेले का शुभारंभ कर दिया गया।

वहीं मेला शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं का आने का सिलसिला जारी हो गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु त्रिनेत्र गणेश दर्शनों के लिए रणथंभौर पहुंच रहे हैं। वहीं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन, वन विभाग और मंदिर ट्रस्ट पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

जयकारों से गूंज उठा रणथंभौर
रणथंभौर दुर्ग स्थित त्रिनेत्र गणेश मेले के आगाज के साथ ही श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा है। राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। रणथंभौर सर्किल से दुर्ग तक जगह-जगह निशुल्क भंडारों की व्यवस्था की गई है। मुख्य मेला सोमवार, 14 सितंबर को रहेगा। लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और चिकित्सा व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

14 किलोमीटर पैदल सफर, 1252 पुलिसकर्मी तैनात
श्रद्धालु करीब 14 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर मंदिर पहुंच रहे हैं। दुर्ग की चढ़ाई और जगह-जगह जलभराव भी उनकी आस्था को नहीं रोक पा रहा है। प्रशासन ने करीब 1252 पुलिसकर्मियों का जाब्ता तैनात किया है। क्षतिग्रस्त गणेश मार्ग की मरम्मत भी पूरी कर दी गई है। जलभराव वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और वाटर पॉइंट पर गोताखोर तैनात हैं।

61 रोडवेज बसें, किराया सिर्फ 10 रुपये
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 अतिरिक्त बसों के साथ सवाई माधोपुर डिपो की 36 नियमित बसें, यानी कुल 61 बसें संचालित रहेंगी। अतिरिक्त बसें रेलवे स्टेशन से शेरपुर तिराहा होकर चलेंगी। निर्धारित किराया 10 रुपये रखा गया है। भीड़ बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।

टाइगर मूवमेंट पर भी वन विभाग की नजर
रणथंभौर में टाइगर मूवमेंट वाली संभावित जगहों पर वनकर्मियों की टीमें तैनात हैं। जगह-जगह चेतावनी बोर्ड और सीसीटीवी लगाए गए हैं। मेले में 5 से 8 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। गणेश चतुर्थी पर मंदिर में विशेष श्रृंगार और महाआरती होगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें