जिमखाना क्लब में आयोजित ‘राधे श्याम भजन संध्या’ से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। सिख संगठनों ने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान गुरबाणी के शब्दों का उच्चारण करते हुए लोगों को डांस कराया गया, जिसे लेकर सिख संगत में रोष है। मामले को लेकर सिख तालमेल कमेटी के चेयरमैन हरपाल सिंह चड्ढा ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मांग पत्र देकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सिख तालमेल कमेटी की ओर से हरप्रीत सिंह नीटू, तजिंदर सिंह परदेसी, सतपाल सिंह सिद्दीकी और हरजिंदर सिंह सहित अन्यों ने बताया कि यह घटना करीब दो दिन पुरानी है और कार्यक्रम ‘जेन जी क्लब’ के नाम से आयोजित किया गया था। उनके अनुसार, कार्यक्रम में गायक अंगद तलवाड़ ने भजन प्रस्तुत किए और इसी दौरान गुरबाणी के शब्दों के साथ गीत व डांस को लेकर विवादित स्थिति बनी। हरपाल सिंह चड्ढा ने कहा कि सिख संगत धार्मिक बाणी के इस तरह इस्तेमाल को लेकर आपत्ति जता रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में ‘जादूगर’ शब्द और आशिकी से जुड़े गीत भी प्रस्तुत किए गए। उन्होंने गायक के साथ-साथ कार्यक्रम से जुड़ी कमेटी और जिमखाना क्लब मैनेजमेंट की भूमिका की भी जांच करने की मांग की। शिकायतकर्ताओं ने पुलिस कमिश्नर से मामले की जांच कर वीडियो और कार्यक्रम से जुड़े तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच और संबंधित पक्षों का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि और उसमें दिखाई दे रही गतिविधियों का पूरा संदर्भ भी जांच का विषय है।