थाना डिवीजन नंबर-1 के तहत गुलाब देवी रोड के गुरु नानक नगर इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों के बीच यह सूचना फैल गई कि पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक एक बच्चे को अपने साथ लेकर चले गए और उसका बैग नहर में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना-1 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसपी मुख्यतयार राय, थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि अभी तक किडनैपिंग की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना से जुड़ी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें बाइक पर तीन लोगों के बीच एक बच्चा बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, तस्वीर और घटना के पूरे संदर्भ की पुलिस जांच कर रही है। पूर्व पार्षद जगदीश समराय ने बताया कि करीब दो बजे जब वह इलाके से गुजर रहे थे तो वहां काफी लोग जमा थे। लोगों ने उन्हें बताया कि बाइक सवार युवकों द्वारा बच्चे को ले जाने की बात सामने आई है। स्थानीय बच्चों से मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर तीन युवक थे। वहीं पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुलाब देवी रोड के पास स्थित इलाके के तीन स्कूलों के प्रिंसिपलों से भी संपर्क किया गया, लेकिन फिलहाल किसी स्कूल से बच्चे के लापता होने या किडनैपिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और तथ्यों के सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस ने किडनैपिंग की पुष्टि नहीं की है।