गुरु नगर-दिल्ली कॉलोनी में 4 नवंबर को हुई फायरिंग की घटना में जालंधर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती शिकायत में साहिल नामक युवक ने अपने घर पर 5 से 7 लोगों द्वारा गोलियां चलाने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि कथित तौर पर उसी ने अपने साथियों के जरिए फायरिंग करवाई थी। पुलिस ने पहले ही साहिल को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि शुक्रवार को हीआईटी स्टाफ ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कमिश्नर द्वारा मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई थी, जिसमें डीसीपी सिटी आदित्य वारियर सहित अन्य अधिकारियों ने जांच की। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर पहले मामला दर्ज किया गया था, लेकिन सख्ती से पूछताछ और जांच के दौरान कहानी में कई विरोधाभास सामने आए। जांच में पता चला कि साहिल 302 के एक मामले में जमानत पर बाहर आया हुआ था और जेल में उसका कुछ युवकों के साथ झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों पक्षों के बीच फोन पर एक-दूसरे के परिवारों को जान से मारने की धमकियां भी दी गई थीं। पुलिस ने शुक्रवार को जशनदीप सिंह उर्फ जश्न, जगजीत सिंह और अमरिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी बाबा बकाला के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, जशनदीप के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है। डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि आरोपियों के बीच जेल में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद फोन पर धमकियों का सिलसिला शुरू हुआ और विवाद परिवारों तक पहुंच गया। पुलिस के अनुसार, साहिल ने कथित तौर पर साथियों के साथ मिलकर फायरिंग करवाई थी, जबकि पीड़ित युवक ने भागकर अपनी जान बचाई थी। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और कुल आरोपियों की संख्या का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है।