जालंधर के गुलाब देवी रोड स्थित रोज बाग कॉलोनी में कथित तौर पर शराब के नशे में तेज रफ्तार कार चला रहे युवकों ने जमकर हंगामा मचा दिया। तेज गति से आई कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी, जिसके बाद कार हवा में उछलकर पलट गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। हादसे के समय कार में 4 युवक सवार थे। कार पलटने के बाद 3 युवक मौके पर मौजूद रहे, जबकि उनका एक साथी कथित तौर पर वहां से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार सवार युवक मॉडल हाउस और भार्गव कैंप क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। प्रत्यक्षदर्शी नवीन सचदेवा के अनुसार, तेज धमाके की आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए तो कार एक खड़ी गाड़ी से टकराने के बाद पलटी हुई मिली। एक दंपती ने आरोप लगाया कि कार सवार युवक 12 फुटी रोड से उनका पीछा कर रहे थे और एक्टिवा के आगे कट मारकर वीडियो बना रहे थे। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी नरेश कुमार के अनुसार, पुलिस को 112 नंबर से कार पलटने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया और युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, युवकों ने शुरुआती पूछताछ में दावा किया कि कोई उनका पीछा कर रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और बयानों व जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।