जालंधर की परागपुर पुलिस चौकी में कांग्रेस के जिला यूथ प्रधान अंगद दत्ता और चौकी प्रभारी एएसआई हरदयाल के बीच बहस का वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता एक युवक की शिकायत पर नशा तस्करी के मामले में पुलिस कार्रवाई की जानकारी लेने चौकी पहुंचे थे। शिकायतकर्ता युवक करण का आरोप है कि उसने नंगल गांव में कथित तौर पर चिट्टा बेचने वाले एक व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की थी, जिसके बाद आरोपी उस पर हमला कर मौके से फरार हो गया। युवक का कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से पुलिस चौकी के चक्कर लगा रहा था, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसी शिकायत को लेकर अंगद दत्ता चौकी पहुंचे और एएसआई से नशा तस्करी के आरोपी के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में सवाल किया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, एएसआई ने कथित तौर पर कहा—“जाकर कह दो कि चौकी इंचार्ज कुछ नहीं कर रहा।” वीडियो रिकॉर्ड किए जाने पर एएसआई के नाराज होने और रिकॉर्डिंग बंद करवाने की कोशिश करने का दृश्य भी सामने आया है।