उपमंडल नंगल के गांव मोजोवाल में दिनदहाड़े एक युवक की तेजधार हथियारों से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनमोल सिंह पुत्र केसर सिंह निवासी गांव महैण, उपमंडल श्री आनंदपुर साहिब के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार और मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनमोल सिंह दो अन्य लोगों के साथ कार में सवार होकर नंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान नंगल से मोजोवाल की तरफ आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार के साथ कार की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान कार सवारों ने मोटरसाइकिल सवार के साथ मारपीट की। मोटरसाइकिल सवार ने आसपास की दुकानों में घुसकर बचने का प्रयास किया, लेकिन वहां भी मारपीट और तोड़फोड़ की गई। इसी बीच मोटरसाइकिल सवार के साथी मौके पर पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच संघर्ष बढ़ गया। इस खूनी झड़प में अनमोल सिंह की मौत हो गई। पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही पुलिस इस संबंध में डीएसपी नंगल नवीनपाल सिंह लेहल ने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार, कार और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर के बाद विवाद हुआ, जिसके बाद तेजधार हथियारों से हमला कर अनमोल सिंह की हत्या कर दी गई। डीएसपी के अनुसार, प्राथमिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले की तह तक पहुंचने और आरोपियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद मोजोवाल और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।