बठिंडा से चोरी की गई पिकअप गाड़ी बरामद करने के दौरान फरीदकोट में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस पार्टी ने जब गाड़ी चोरी करने के आरोपी को घेरकर काबू करने का प्रयास किया तो उसने अपनी पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस मुलाजिमों का बचाव रहा, जबकि गोली चलाते समय गिरने से गोली आरोपी के ही पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल आरोपी की पहचान गुरुहरसहाय निवासी रमन कुमार के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात बठिंडा से एक पिकअप गाड़ी चोरी हो गई थी। आरोपी चोरी की गई पिकअप को एक अन्य कार से टो करके फरीदकोट ले आए थे। गाड़ी चोरी होने की सूचना मिलने के बाद बठिंडा पुलिस ने एएसआई सुखदीप सिंह के नेतृत्व में उसकी तलाश शुरू की। पिकअप में जीपीएस सिस्टम लगा होने के कारण पुलिस को उसकी लोकेशन लगातार मिल रही थी। पुलिस पार्टी पीछा करते हुए फरीदकोट पहुंची, जहां तलवंडी रोड पर चोरी की गई पिकअप खड़ी मिली। इस दौरान जब पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो उसने पुलिस पार्टी पर गोली चला दी। गोली चलाने के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पिकअप के चालक बठिंडा निवासी भीष्म पितामह ने बताया कि गाड़ी चोरी होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया था। इसके बाद बठिंडा पुलिस ने जीपीएस की मदद से गाड़ी का पीछा किया और फरीदकोट पहुंचकर उसे बरामद कर लिया। इस मामले में फरीदकोट के एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। बठिंडा के एएसआई सुखदीप सिंह की शिकायत के आधार पर घायल आरोपी रमन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के साथ कुछ अन्य व्यक्ति भी शामिल थे। उनकी पहचान करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।