मोगा में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावों के बीच चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला शहर के कोटकपूरा बाईपास स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर से सामने आया है, जहां शनिवार देर रात दो चोर एक घर में घुसकर गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घर के मालिक प्रीतपाल सिंह सोनू ने बताया कि शनिवार देर रात चोर उनके घर से गैस सिलेंडर चोरी करके फरार हो गए। उन्होंने कहा कि यह शहर का पॉश इलाका है, इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। प्रीतपाल सिंह ने आरोप लगाया कि इलाके में पुलिस की नियमित गश्त नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि यदि पॉश इलाकों में भी चोर इस तरह घरों में घुसकर चोरी कर सकते हैं, तो आम लोग अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करें। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में रोष है।