नगर काउंसिल की ओर से शहर में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली पूरे शहर में निकाली गई, जिसमें बच्चों ने लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का संदेश दिया। नगर काउंसिल के प्रधान अशोक सचदेवा और सेनेटरी अधिकारी सुखपाल सिंह ने बताया कि लोगों को ऐसी वस्तुएं कूड़े में फेंकने से बचना चाहिए, जो किसी अन्य व्यक्ति के इस्तेमाल में आ सकती हैं। इसके लिए नगर काउंसिल की ओर से विशेष गाड़ी चलाई गई है। लोग दिए गए मोबाइल नंबरों पर सूचना देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। सूचना मिलने पर नगर काउंसिल की गाड़ी संबंधित व्यक्ति के घर पहुंचकर इस्तेमाल योग्य पुराना सामान एकत्रित करेगी। उन्होंने शहरवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग देने की अपील की।