पंजाब सरकार के खेल विभाग की ओर से आयोजित ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ (सीजन-4) के तहत राज्य स्तरीय हैंडबॉल और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं का शनिवार को नेहरू स्टेडियम, फरीदकोट में आगाज हुआ। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने इन प्रतियोगिताओं का रस्मी तौर पर उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर स्पीकर संधवां ने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। 23 अक्टूबर तक चलेंगी प्रतियोगिताएं जिला खेल अधिकारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि राज्य स्तरीय हैंडबॉल और ताइक्वांडो प्रतियोगिताएं 23 अक्टूबर तक चलेंगी। इनमें विभिन्न स्थानों से करीब 4 हजार खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है। खिलाड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके रहने, खाने और रिफ्रेशमेंट के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि वे प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने शहरवासियों और खेल प्रेमियों से अपील की कि वे नेहरू स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और राज्य स्तरीय मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, खेलों के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में भी मदद मिलेगी।