फरीदकोट में थाना सदर के अधीन पुलिस चौकी गोलेवाला ने लूट की योजना बना रहे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक पिस्तौल, एक कृपाण, एक कापा और तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन निवासी करणवीर सिंह, गगनदीप सिंह, जगजीत सिंह, लाडी सिंह, कपूरथला निवासी हरनेक सिंह और गांव घुगिआना निवासी गीता रानी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चौकी इंचार्ज एएसआई सुखविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि गांव नथलवाला के पास कुछ लोग एक सुनसान स्थान पर बैठकर लूट की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि गीता रानी ने अपने गांव के एक सुनार को लूटने के इरादे से उक्त पांचों आरोपियों को बुलाया था। पुलिस की समय पर कार्रवाई से वारदात टल गई। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा और क्षेत्र में की गई अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।