फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोगा में शराब पीने से मना करने पर दुकानदार पर हमला, गल्ले से 22 हजार रुपये लेकर फरार

मोगा-फिरोजपुर रोड स्थित गांव दुननेके में शुक्रवार रात शराब पीने से मना करने पर कुछ युवकों द्वारा किराना दुकानदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावर दुकानदार के सिर पर लकड़ी के टुकड़े से वार करने के बाद दुकान के गल्ले से करीब 20 से 22 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। घायल दुकानदार को उपचार के लिए मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल दुकानदार अजय सिंह ने बताया कि उनका घर गांव दुननेके में मोगा-फिरोजपुर रोड पर है और घर के नीचे ही उनकी किराने की दुकान है। शुक्रवार को रक्षा बंधन का त्योहार होने के कारण उनके घर पर रिश्तेदार आए हुए थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक उनकी दुकान के बाहर शराब पी रहे थे। अजय सिंह के अनुसार, युवकों ने पहले एक प्रवासी व्यक्ति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने बीच-बचाव कर उक्त व्यक्ति को छुड़ाया और युवकों को दुकान के सामने से जाने के लिए कहा। इसके बाद युवक वहां से चले गए। अजय ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद करीब 6-7 युवक दोबारा उनकी दुकान पर आए। इनमें बिकी और वीरू नाम के युवक भी शामिल थे, जो आरे वाली गली में रहते हैं। आरोप है कि युवकों ने दुकान के अंदर घुसते ही उनके सिर पर लकड़ी के टुकड़े से हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर दुकान के गल्ले से करीब 20-22 हजार रुपये नकद निकालकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। घायल अजय सिंह ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे इंसाफ चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें