विधानसभा हलका भोआ के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए कैबिनेट मंत्री पंजाब लाल चंद कटारूचक द्वारा आज गांव कोलियां के निकट शिंगारमा पुल के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। बड़ी संख्या में इलाकावासी, पंचायती प्रतिनिधि और आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। इलाकावासियों ने इस मौके पर पटाखे चलाकर और जयकारों की गूंज के साथ खुशी का इजहार किया। मंत्री ने कहा कि लंबे समय से इलाकावासियों द्वारा शिंगारमा में पुल बनाने की मांग की जा रही थी, जिसे पंजाब सरकार ने पूरा किया है। विधानसभा हलका भोआ में तीन नए पुलों को मंजूरी मिली है, जिन पर करीब 62 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इनमें से शिंगारमा के पास बनने वाले पुल का निर्माण कार्य आज शुरू करवाया गया है। इसके अलावा जलालिया नाले पर बनने वाले पुल का निर्माण कार्य भी एक हफ्ते के अंदर शुरू करवाने की बात उन्होंने कही। तीसरा पुल घरोटा के पास सांभला में बनाया जाना है। शिंगारमा में बनने वाला पुल लगभग 165 मीटर लंबा और 42 फुट चौड़ा होगा। यह पुल रावी दरिया के पार बसे लगभग 60-65 गांवों के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा और इलाके की आवाजाही और कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगा।