मानसा निवासी एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद उनके लिए इंसाफ की मांग को लेकर पंजाब भर में लोग उनके परिवार के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसी बीच मोगा जिले के गांव घल कलां निवासी मूर्तिकार मंजीत सिंह और उनका परिवार परमिंदर सिंह झोटा की 7 फीट ऊंची प्रतिमा तैयार कर रहा है। यह प्रतिमा उनके परिवार को समर्पित की जाएगी। मूर्तिकार मंजीत सिंह इससे पहले भी कई प्रतिमाएं तैयार कर चुके हैं, जिनके चलते वह चर्चा में रहे हैं। अब परमिंदर सिंह झोटा की प्रतिमा बनाने को लेकर एक बार फिर उनकी चर्चा हो रही है। मंजीत सिंह और उनका परिवार इस प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। मूर्तिकार के अनुसार, अगले 2 से 3 दिनों के भीतर प्रतिमा तैयार करके परमिंदर सिंह झोटा के परिवार को सौंप दी जाएगी। मूर्तिकार मनजीत सिंह ने बताया कि परमिंदर सिंह झोटा एक बेहद अच्छे इंसान थे, जिन्होंने पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए संघर्ष करते हुए अपनी जान गंवा दी। उन्होंने कहा कि उनका परिवार अपनी कला के माध्यम से पंजाब के इस वीर सपूत परमिंदर सिंह झोटा को श्रद्धांजलि अर्पित करेगा। मनजीत सिंह ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिनों से झोटा की प्रतिमा बनाने का काम शुरू किया गया है। अगले 3 से 4 दिनों में सात फीट ऊंची प्रतिमा तैयार कर उनके परिवार को सौंप दी जाएगी। इसके बाद इस प्रतिमा को मानसा में स्थापित किया जाएगा।