फरीदकोट में बाबा शेख फरीद आगमन पर्व-2026 को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मेले के कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा और एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान मेले का शेड्यूल जारी करते हुए अधिकारियों ने प्रेस और आम लोगों से सहयोग की अपील की। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 19 सितंबर को टिल्ला बाबा फरीद में श्री सुखमनी साहिब के पाठ के साथ मेले का शुभारंभ होगा। इसके बाद किला मुबारक और सरकारी ब्रिजिंदरा कॉलेज में रक्तदान शिविर, नेहरू स्टेडियम में खेल मेले तथा विभिन्न स्थानों पर साहित्यिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नई दाना मंडी में राष्ट्रीय लोक नृत्य और क्राफ्ट मेले का आयोजन होगा। 20 सितंबर को किला मुबारक से दरबार गंज तक विरासती काफिला निकलेगा। 21 सितंबर को सिकंदर सलीम और अलाप सिकंदर की सूफियाना शाम, जबकि 22 सितंबर को पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला की स्टार नाइट आयोजित की जाएगी। 21 से 23 सितंबर तक नई दाना मंडी में पशु मेला लगेगा। 23 सितंबर को टिल्ला बाबा फरीद से नगर कीर्तन शुरू होकर गुरुद्वारा गोदड़ी साहिब पहुंचेगा। विभिन्न खेलों के फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 19 से 28 सितंबर तक नई दाना मंडी में क्राफ्ट मेले के दौरान फूड कोर्ट, झूले और मनोरंजन की गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।