मानसा में नशा विरोधी सामाजिक कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुधवार को भाजपा की जिला फरीदकोट ईकाई ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। घंटाघर चौक से लेकर मिनी सचिवालय तक रोष मार्च निकालने के बाद कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा और एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद जैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानसा जाने की तैयारी शुरू की तो पुलिस ने भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप सिंह सन्नी बराड़ समेत अन्य पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इस मौके पर सन्नी बराड़ ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा तस्करों और गैंगस्टरों के हौसले बुलंद हैं तथा कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है। उन्होंने झोटा हत्याकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बराड़ ने राज्य सरकार पर नशे और अपराध पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त रंगला पंजाब का झांसा देकर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी की सरकार हर फ्रंट पर फेल हो चुकी है।