मोगा जिले के गांव चड़िक के घोलिया रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान धर्मपाल सिंह (लगभग 40 वर्ष), निवासी गांव चड़िक के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों का पिता था। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, धर्मपाल सिंह अपने निजी काम से मोटरसाइकिल पर गांव कालेके की ओर जा रहा था। इसी दौरान घोलिया रोड पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धर्मपाल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। मृतक के पिता काका सिंह ने बताया कि वह साइकिल पर अपने बेटे से कुछ दूरी पीछे चल रहे थे, जबकि धर्मपाल उनसे आगे जा रहा था। अचानक उन्हें जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचे तो धर्मपाल सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा था। परिजन उसे तुरंत मोगा के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, धर्मपाल सिंह शादीशुदा था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोगा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही हे