पंजाब सरकार की ओर से प्रदेशभर में शुरू किए गए विशेष सफाई अभियान के तहत शनिवार को फरीदकोट शहर में नगर काउंसिल की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान विधायक फरीदकोट गुरदित्त सिंह सेखों और नगर कौंसिल के प्रधान बलजिंदर सिंह बब्बू आहूजा ने सफाई कर्मचारियों के साथ खुद झाड़ू उठाकर सफाई की। नगर कौंसिल प्रधान बब्बू आहूजा ने कहा कि नगर काउंसिल के सभी कर्मचारी अभियान के तहत शहर के अलग-अलग हिस्सों की सफाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौंसिल की ओर से रोजाना सफाई करवाई जाती है, लेकिन विशेष अभियान के तहत उन स्थानों की भी सफाई की जा रही है, जहां अनधिकृत रूप से कूड़ा फेंका जाता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि कूड़ा निर्धारित डंपिंग स्थानों पर ही डालें। विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि फरीदकोट करीब 810 वर्ष पुराना ऐतिहासिक शहर है और इसका संबंध बाबा फरीद जी से है। शहर की सुंदरता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मेडिकल अस्पताल के साथ वाली दीवार के पास लोग सड़क किनारे कूड़ा फेंक देते हैं, जिससे शहर की छवि खराब होती है। उन्होंने कहा कि पूरे शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाना उनका लक्ष्य है।