जगराओं की मुख्य अनाज मंडी और 15 खरीद केंद्रों में करीब 20 से 22 लाख बोरी धान की लिफ्टिंग न होने से आढ़तियों और मजदूरों की परेशानी बढ़ गई है। सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीद के बावजूद धान खुले आसमान के नीचे पड़ा है, जिससे बारिश, चोरी और वजन घटने का खतरा बना हुआ है। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान कन्हैया गुप्ता ने बताया कि मजदूरों की कमी और लिफ्टिंग में देरी के कारण धान की संभाल पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। गर्मी के कारण धान का वजन घटने से भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। एसोसिएशन ने डिप्टी कमिश्नर लुधियाना और संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर सरकारी खरीद एजेंसियों को लिफ्टिंग की रफ्तार दोगुनी करने के निर्देश देने की मांग की है, ताकि अनाज को खराब होने से बचाया जा सके और आढ़तियों व मजदूरों को राहत मिल सके।