कोटकपूरा में कूड़े के उचित प्रबंधन का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी के हलका इंचार्ज एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अजयपाल सिंह संधू ने 5 एकड़ जमीन पर डंपिंग साइट बनाने की योजना रद्द करने और शहर का कूड़ा फरीदकोट भेजे जाने को लेकर क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा आम आदमी पार्टी के नियंत्रण वाली नगर कौंसिल कोटकपूरा पर सवाल खड़े किए है। कांग्रेस नेता अजयपाल सिंह संधू ने कहा कि कुछ माह पहले कांग्रेस के नियंत्रण के समय नगर कौंसिल अध्यक्ष भूपिंदर सिंह सग्गू की अगुवाई में शहर के कूड़े के उचित प्रबंधन के लिए 5 एकड़ जमीन पर डंपिंग साइट बनाने की योजना तैयार की गई थी, लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार व जिला प्रशासन ने इस योजना को रद्द कर दिया था। इसके चलते यह योजना सिरे नहीं चढ़ सकी और अभी तक कोटकपूरा में कूड़े के निपटारे की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि योजना रद्द होने के कारण नगर कौंसिल के पास शहर का कूड़ा डालने के लिए कोई उचित जगह नहीं बची है। पिछले कुछ दिनों से कोटकपूरा का कूड़ा फरीदकोट शहर में डाला जा रहा था, एक दिन पहले फरीदकोट के निवासियों ने इसका कड़ा विरोध किया। इस दौरान लोगों ने विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के प्रति भी नाराजगी जाहिर की। संधू ने आरोप लगाया कि नगर कौंसिल का पैसा शहर के विकास कार्यों पर खर्च करने के बजाय आम आदमी पार्टी के राजनीतिक प्रचार पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह शहरवासियों के साथ सरासर अन्याय है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अब समय आ गया है कि वे जागरूक हों और पहचानें कि कौन-सी राजनीतिक पार्टी वास्तव में जनता के हितों के बारे में सोचती है। शहर के विकास और बुनियादी समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकारी धन का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए करना उचित नहीं है।