भारत विकास परिषद कोटकपूरा की दोनों शाखाओं की ओर से विकास माह के तहत स्थानीय शहीद भगत सिंह सरकारी कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत वन महोत्सव मनाया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में फलदार एवं फूलदार पौधे लगाए गए और लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। समारोह संस्था की स्वामी विवेकानंद शाखा के प्रधान नरेश गोयल तथा प्रकल्प प्रभारी राजिंदर सिंह सरां और अक्षय गर्ग की अध्यक्षता में करवाया गया। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गुलशन कुमार विशेष रूप से शामिल हुए। प्रधानगी मंडल में संस्था के प्रांतीय सलाहकार नरेश पाल कांसल, सुभाष गोयल तथा दोनों शाखाओं के सरपरस्त टीआर अरोड़ा मौजूद रहे। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कॉलेज स्टाफ के साथ मिलकर पौधे लगाए। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. गुलशन कुमार और राजिंदर सिंह सरां ने कहा कि वर्तमान समय में अधिक से अधिक पौधे लगाने की जरूरत है। शिक्षण संस्थानों में पौधारोपण कर युवा पीढ़ी को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में पहले भी कई पौधे लगाए गए हैं और इन पौधों की भी कॉलेज प्रबंधन द्वारा उचित देखभाल की जाएगी। इस दौरान कॉलेज परिसर में शहीद भगत सिंह का बुत स्थापित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर डॉ. सतीश शर्मा, उमेश तिवारी, रणजीव शर्मा, गोपाल वोहरा, कुलभूषण कौड़ा, जरनैल सिंह मान, पंकज बंसल, डॉ. गगन अरोड़ा, दिनेश मित्तल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।