फरीदकोट में समाज सेवा को समर्पित महाकाल स्वर्ग धाम सेवा सोसायटी की ओर से लोगों को प्रदूषण रहित और ग्रीन दिवाली मनाने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिट्टी के दीये, सरसों का तेल और बत्तियां निशुल्क वितरित की गईं। सोसायटी के चेयरमैन अशोक भटनागर और प्रधान डॉ. बलजीत शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सेवानिवृत्त डीएसपी हरजिंदर सिंह सहित संस्था से जुड़े कई समाजसेवियों ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों को पारंपरिक तरीके से मिट्टी के दीये जलाकर पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने का संदेश दिया। इस मौके पर सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी संस्था लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर योगदान दे रही है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी दिवाली के अवसर पर लोगों को प्रदूषण मुक्त त्योहार मनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि पटाखों से होने वाले प्रदूषण से बचने और पारंपरिक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लोगों को मिट्टी के दीये, सरसों का तेल और बत्तियां निशुल्क बांटी जा रही हैं, ताकि अधिक से अधिक परिवार मिट्टी के दीये जलाकर दिवाली की खुशियां मना सकें। सोसायटी ने लोगों से अपील की कि वे पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रीन दिवाली मनाएं।