कोटकपूरा के श्री राधा कृष्ण मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी 19 सितंबर 2026, दिन शनिवार को श्री राधा अष्टमी का पर्व श्रद्धा, भावना और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इस संबंध में मंदिर प्रबंधक कमेटी के प्रधान इंजीनियर राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तरह मंदिर में श्री राधा अष्टमी का पर्व भी श्रद्धा और भक्ति भावना के साथ मनाया जाता है। इस बार भी 19 सितंबर, शनिवार को शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान संकीर्तनीय सदा हरि के कलाकारों द्वारा भजन गायक संजीव शर्मा के नेतृत्व में प्रभु महिमा का गुणगान किया जाएगा। इस अवसर पर युगल सरकार को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। कार्यक्रम की समाप्ति पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि श्री राधा अष्टमी के उपलक्ष्य में 18 सितंबर, शुक्रवार को शाम 4:30 बजे पुरानी अनाज मंडी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर से संध्या फेरी निकाली जाएगी। यह संध्या फेरी शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए श्री राधा कृष्ण मंदिर में संपन्न होगी। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी एवं श्रद्धालु लोगों से श्री राधा अष्टमी के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।